महावीर मंदिर पटना में श्रीरामजानकी विवाह के दूसरे दिन भव्य आयोजन पढ़िए यहाँ:
न्यूज डेस्क: रविवार को श्री महावीर मन्दिर पटना के तत्त्वाधान में श्रीरामजानकी विवाह के दूसरे दिन का भव्य आयोजन किया गया। इस दूसरे दिन कोहबर, जमनार (दामाद का प्रथम भोजन) तथा बिदाई का कार्यक्रम सम्पन्न किया गया।
विवाह के दूसरे दिन जब प्रभु श्रीराम चारों भाई अपनी ससुराल में प्रथम रात शयन करते हैं तो प्रातःकाल में उठते समय कोहबर की विधि होती है व्यास श्री चन्द्रनाथ चौधरी तथा सहायक श्री ललित चौधरी के द्वारा गाय़े गये अवसर-गीतों से परिसर खिल उठा। “श्री कोहबरबा घरवा राजै वरबा चार गुँसइयाँ” तथा “आजु विधना के कतेक गुनमा गाउ हे सखी”, इन गीतों से सभी श्रोता और दर्शक आनंद मग्न हो उठे।
दूसरे दिन प्रभु श्रीराम आदि चारों भाई जब प्रथम बार भोजन करते हैं तो यह जेमनार कहा जाता है। इसके अंतर्गत कलाकारों ने “प्रिय पाहुन राज दुलार रुचि सौं जेम लियो।“ तथा “तौ पर मैं वारी सँवरिया हो दुलहा” आदि गीतों से भरा वहा कार्यक्रम सबसे आकर्षक रहा। इस समय मंच पर अनेक प्रकार के भोज्य- पदार्थ रखे जाते हैं तथा बाद में उन्हें भक्तों के बीच वितरित कर दिया जाता है।
इन कार्यक्रमों की विशेषता रही कि श्रोताओं में से भी गायन से रुचि रखने वाली महिलाओं ने भी भावविभोर होकर मंच पर आकर बीच-बीच में आकर अपनी प्रस्तुति देती रही।
कार्यक्रम के अंत में बिदाई का भी मार्मिक दृश्य प्रस्तुत किया गया। इस समय श्रीराम चारों भाई अपनी पत्नियों के साथ जनकपुरी से विदा लेते हैं और जनकपुरी की महिलाएँ बिदाई के गीत गातीं हैं। “बड़ा रे जतन सओं सिया धिया पोसलहुँ सेहो रघुवंशी लेने जाये।“ तथा “ई हम जनितहुँ सखि श्यामला पहुँनमा से बिहने सबेरे घरबा जैती हो लाल।“ आदि भावविभोर करनेवाले गीत गाये गये।
इस पूरे कार्यक्रम को ऑनलाइन मध्यम से हजारों लोगों ने देखा। कोविड-19 के कारण जो लोग कार्यक्रम में सदेह उपस्थित नहीं हो सके थे उन लोगों ने भी इस आनलाइन व्यवस्था पर हर्ष प्रकट किया। कोविड-19 के निर्देशों का का पालन भी कराया गया है। थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है, बिना मास्क के श्रद्धालुओं का प्रवेश वर्जित है तथा दूरी बनाकर बैठाने की व्यवस्था की गयी । फिर भी, उपस्थित सभी श्रद्धालु अत्यन्त शांत भाव एवं प्रसन्न मुद्रा में बैठे रामजानकी विवाह के प्रदर्शन एवं गायन का भरपूर आनन्द ले रहे थे।
Post a Comment
0 Comments